गिरिडीह: आगामी 7 अक्टूबर को गिरिडीह के झंडा मैदान में आयोजित होने वाली सेवा ज्योति यात्रा को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा में भाजपा की ओर से बैठक सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों और मंडल पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय, वरिष्ठ नेता मनोज साहू समेत पार्टी के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में सेवा ज्योति यात्रा को सफल बनाने के साथ आगामी उपचुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने कहा कि आगामी उपचुनाव में उम्मीदवार का चेहरा नहीं, बल्कि कमल का निशान महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
रंजीत राय ने 7 अक्टूबर को गिरिडीह के झंडा मैदान में होने वाली सेवा ज्योति यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को प्रदर्शित करने का अवसर है।
पीरटांड़ से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा
भाजपा नेता मनोज साहू ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा को लेकर पीरटांड़ के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि पीरटांड़ से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता गिरिडीह पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएंगे।
बैठक के दौरान नवनियुक्त मंडल पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां संभालते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम में हरलाडीह मंडल के सोमनाथ पांडेय, पीरटांड़ से अजय सिंह, शरद भगत, रिंकी देवी, सिकंदर हेमब्रम, रामबाबू साव, सुरेश मंडल, राकेश आर्या समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


