सीसीटीवी, भीड़ नियंत्रण और अग्निशमन व्यवस्था का लिया जायजा, पूजा समितियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गिरिडीह: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सतर्क है। इसी क्रम में उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने पूजा पंडालों के प्रवेश और निकास द्वार, बैरिकेडिंग, विद्युत सज्जा तथा भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर पंडालों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों और उनके कंट्रोल रूम की भी जांच की गई। अधिकारियों ने सभी कैमरों को 24 घंटे क्रियाशील रखने और निगरानी व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने का निर्देश दिया।
पूजा समितियों को दिए गए सुरक्षा संबंधी निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने पूजा समिति के आयोजकों एवं पदाधिकारियों से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दर्शन के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा, किसी भी आपातकालीन स्थिति या अगलगी की घटना से निपटने के लिए अग्निशामक यंत्र, बालू और पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पंडाल के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने का निर्देश भी दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन निकास मार्ग को हमेशा खुला और बाधारहित रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से दुर्गा पूजा का पर्व आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है।
प्रशासन ने पूजा समितियों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सतर्कता बरतने की अपील की है।


