गिरिडीह: जिला उद्योग केंद्र (DIC), गिरिडीह के तत्वावधान में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में TEJAS पहल के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य उद्यमियों, स्टार्टअप्स और MSME क्षेत्र से जुड़े लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, नीतियों और सहायता तंत्र की जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिले में उद्यमिता और MSME क्षेत्र को मजबूत करने के लिए उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण और अन्य सुविधाओं की सही एवं समयबद्ध जानकारी मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में उद्यमिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने संबंधित विभागों एवं संस्थाओं से समन्वय के साथ काम करते हुए उद्यमियों की समस्याओं के समाधान और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि ग्रामीण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में MSME और छोटे उद्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने उद्यमियों को योजनाओं के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार से जुड़ाव की जानकारी उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।

Startup India और MSME योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यशाला में DPIIT और Startup India के प्रतिनिधियों ने Startup India पहल, स्टार्टअप नीति और DPIIT Startup Recognition की जानकारी दी। प्रतिभागियों को स्टार्टअप पंजीकरण, नीतिगत लाभ, नवाचार, बौद्धिक संपदा अधिकार, इनक्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग, सरकारी खरीद और अन्य सहायता तंत्र के बारे में बताया गया।
वहीं JIIDCO, रांची के प्रतिनिधि विकास कुमार ने झारखंड सरकार की Startup एवं MSME Schemes पर प्रस्तुति दी। इसमें स्टार्टअप एवं MSME योजनाओं, प्रोत्साहन, निवेश सुविधाओं, उद्यम स्थापना एवं विस्तार, तकनीकी उन्नयन, कौशल विकास, बाजार संपर्क और संस्थागत सहयोग से जुड़ी जानकारी साझा की गई।
कार्यशाला के दौरान उद्यमियों और प्रतिभागियों को DIC, DPIIT, Startup India और JIIDCO के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद का अवसर भी मिला। प्रतिभागियों ने स्टार्टअप नीति, MSME योजनाओं, पंजीकरण, वित्तीय सहायता और अन्य सरकारी सुविधाओं से संबंधित सवाल पूछे, जिनका संबंधित प्रतिनिधियों ने जवाब देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड, गिरिडीह के अविनाश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। जिला प्रशासन की ओर से TEJAS पहल के माध्यम से उद्यमियों, स्टार्टअप्स और MSMEs को जानकारी, मार्गदर्शन एवं संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराने के लिए निरंतर समन्वय बनाए रखने की बात कही गई।


