गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस ने ‘आपके मोबाइल आपके पास’ अभियान के तहत 105 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस लौटाए। शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित मल्टी पर्पज हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल धारकों को उनके बरामद मोबाइल सौंपे गए।
गिरिडीह पुलिस के मुताबिक, तकनीकी टीम की मदद से अलग-अलग मामलों में खोए मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया। बरामद किए गए मोबाइल में कुछ ऐसे फोन भी शामिल हैं, जो छह महीने से लेकर चार साल पहले तक खो गए थे।
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। मोबाइल धारकों ने गिरिडीह पुलिस और जिला प्रशासन का आभार जताया। लोगों ने बताया कि मोबाइल खो जाने के बाद दोबारा फोन खरीदना उनके लिए आसान नहीं था। पुलिस की पहल से उनका पुराना मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर की।

गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि ‘आपके मोबाइल आपके पास’ अभियान के तहत अब तक एक हजार से अधिक लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस लौटाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बरामद किए गए मोबाइल में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के फोन भी शामिल हैं। एसपी ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने को दें, ताकि तकनीकी माध्यम से मोबाइल को ट्रेस करने की कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में डीएसपी नीरज सिंह, डीएसपी-2 आरके राणा समेत कई पुलिस पदाधिकारी और मोबाइल धारक मौजूद रहे। पुलिस की ओर से खोए और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए तकनीकी स्तर पर कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।


