गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में गुरुवार देर रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जेएमएम छात्र मोर्चा से जुड़ा था। वहीं उसके पिता झारखंड पुलिस में दारोगा के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं।
घटना को लेकर सदर अस्पताल में मृतक के साथी शुभम दास ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे वह अपने दोस्त राजा गुप्ता और ऋतिक यादव के साथ कार से गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित बंदरकुप्पी पहुंचे थे। वहां मैगी पॉइंट है, जहां रातभर मैगी, कॉफी और चाय मिलती है।
शुभम दास के अनुसार, इसी दौरान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव अपने 8-10 साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि आते ही सभी ने अचानक तीनों पर हमला कर दिया। पहले मुक्के से मारपीट की गई। इसके बाद बांस की फराठी से ऋतिक की पिटाई की गई।
शुभम का आरोप है कि हमलावरों ने ऋतिक को लगातार पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में ऋतिक के साथ मौजूद अन्य युवकों के भी घायल होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल हत्या की वास्तविक वजह क्या थी और हमले में कितने लोग शामिल थे, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस द्वारा आधिकारिक रूप से पूरी घटना और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट किए जाने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।


