गिरीडीह: जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में पचंबा-जमुआ मुख्य मार्ग पर अरवाटांड के पास कोयला और ढिबरा लदे दो ट्रकों के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, कोयला लदा ट्रक JH 10Z 1043 गिरिडीह की ओर से आ रहा था, जबकि ढिबरा लदा ट्रक JH 10F 6209 सामने से आ रहा था। दोनों वाहनों के बीच अरवाटांड के पास जोरदार टक्कर हुई। टक्कर के बाद ढिबरा लदा ट्रक कुछ दूर आगे जाकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
पहले हादसे का समय रात करीब एक बजे बताया जा रहा था, लेकिन खोरीमहुआ एसडीपीओ ने घटना का समय सुबह करीब तीन बजे बताया है। एसडीपीओ के अनुसार, कोयला लदा ट्रक बोकारो से बिहार की ओर जा रहा था। हादसे के बाद कोयला वाहन का चालक थाना में मौजूद है और उसने वाहन से संबंधित कागजात पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किए हैं। पुलिस कागजातों की जांच कर रही है।
ढिबरा अवैध, चालक मौके से फरार
खोरीमहुआ एसडीपीओ के अनुसार, दूसरे ट्रक में लदा ढिबरा अवैध था और उसका चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान ढिबरा के परिवहन, वाहन और उससे जुड़े दस्तावेजों समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे में दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने क्षेत्र में खनिजों के परिवहन और उनकी निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, कोयला लदे वाहन के संबंध में पुलिस द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही उसके परिवहन की वैधता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।


