गिरिडीह: सरिया-राजधनवार मुख्य मार्ग पर रविवार देर शाम एसआरके डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप बोलेरो और टेंपो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टेंपो चालक समेत 10 लोग घायल हो गए। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को स्थानीय निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर करने की तैयारी की जा रही थी।
टेंपो में सवार थे करीब 15 लोग
बताया गया कि हादसे के समय टेंपो में चालक समेत करीब 15 लोग सवार थे। टक्कर के दौरान पांच लोगों ने किसी तरह टेंपो से कूदकर अपनी जान बचाई। टेंपो में सवार यात्री दलांगी, कपिलो, रजमनिया, पंदना और बाराटांड़ की ओर जा रहे थे।
घायलों में मास्टर मोइन रजा, जुलेखा खातून, खलील अंसारी, पार्वती देवी, रीना देवी, आनंद कुमार, गुड़िया कुमारी और डॉली कुमारी समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं।
बोलेरो लेकर भागने की कोशिश, स्थानीय लोगों ने पकड़ा
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और बागोडीह-बराकर पुल के पास बोलेरो को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बोलेरो को कब्जे में ले लिया है।
ओवरलोडिंग को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद टेंपो में क्षमता से अधिक यात्रियों के सवार होने की बात भी सामने आई है। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग और यातायात व्यवस्था की निगरानी पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने यात्री वाहनों की नियमित जांच और निर्धारित क्षमता के अनुरूप सवारी बैठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
इधर, हादसे की सूचना मिलने पर जेएमएम नेता शत्रुध्न मंडल भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


