धनबाद: लोयाबाद थाना क्षेत्र के सात नंबर मुस्लिम मोहल्ले में रविवार को तेज आवाज के साथ अचानक भू-धंसान होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जमीन धंसने की घटना में करीब चार घर इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि भू-धंसान के दौरान दो घरों के परिवार भी घर के साथ जमीन में धंस गए। हालांकि, स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत-बचाव शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। भू-धंसान की वजह से दोनों घरों में रखा सामान भी जमीन में समा गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद लोयाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने भू-धंसान प्रभावित इलाके की बैरिकेडिंग कर वहां लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी।
इधर, घटना के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी भू-धंसान की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे लोगों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही भू-धंसान की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्र की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।


