Indian Languages
Skip to main content

अहिल्यापुर में दिनदहाड़े डकैती, महिला को बंधक बनाकर नकदी-जेवरात लूटे

गिरिडीह: अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पंचनटांड़ गांव में बुधवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। दो बाइक से पहुंचे छह युवकों ने घर में मौजूद महिला को बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट कर नकदी व सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़िता की पहचान रीता देवी, पत्नी एतवारी मंडल के रूप में हुई है। पीड़िता के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब तीन बजे दो युवक घर के मुख्य दरवाजे पर पहुंचे और बताया कि उनके पशुओं ने सगरभंगा गांव में लगी फसल को नुकसान पहुंचाया है। इसी बात को लेकर महिला ने दरवाजा खोला। दरवाजा खुलते ही पीछे मौजूद चार अन्य युवक भी घर में दाखिल हो गए।

आरोप है कि घर में घुसने के बाद सभी अपराधियों ने महिला को पकड़ लिया। उसके हाथ-पैर बांध दिए गए और मुंह में कपड़ा डालकर उसे बंधक बना लिया गया। इसके बाद अपराधियों ने घर में रखे सामान की तलाशी ली और नकदी तथा जेवरात लेकर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार, करीब पांच हजार रुपये नकद, दो मंगलसूत्र, सोने की चेन, चांदी की पायल और अन्य जेवरात लूटे गए हैं।

अपराधियों के जाने के बाद महिला किसी तरह घर के दरवाजे तक पहुंची। उसे बंधी अवस्था में देखकर आसपास के ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने महिला को बंधनमुक्त कराया और इलाज के लिए निजी क्लिनिक ले गए।

घटना की सूचना मिलने पर अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता, उसके परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए हैं।

पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि वह आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकती है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share News
Link copied successfully