गिरिडीह: पचम्बा थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब थाना से महज कुछ दूरी पर एक निजी कार शोरूम के बगल में घनी और कांटेदार झाड़ियों के बीच एक नवजात शिशु पड़ा मिला। सड़क से करीब पांच फीट नीचे झाड़ियों में पड़े मासूम पर स्थानीय दुकानदारों की नजर पड़ी। कांटेदार झाड़ियों के कारण लोग बच्चे को बाहर निकालने में असमर्थ थे।
सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार अपने चालक विमलेश और सहायक पुलिस सुनीता के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी खुद झाड़ियों में उतरे और सावधानीपूर्वक कांटेदार झाड़ियों को हटाकर नवजात को बाहर निकाला।
झाड़ियों में पड़े रहने के कारण नवजात के शरीर और आंखों पर छोटी-छोटी चोट एवं खरोंच के निशान बताए गए हैं। बच्चे की हालत को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। नवजात को पचम्बा थाना के समीप स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
नवजात को झाड़ियों में किसने छोड़ा?
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि नवजात झाड़ियों तक कैसे पहुंचा और उसे वहां किसने छोड़ा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बच्चे को झाड़ियों में छोड़ने के पीछे क्या वजह थी, इसका भी पता लगाया जा रहा है। वहीं, थाना प्रभारी राजीव कुमार द्वारा स्वयं झाड़ियों में उतरकर नवजात को सुरक्षित बाहर निकालने और तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। फिलहाल मासूम अस्पताल में चिकित्सकीय देखरेख में है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।