Indian Languages
Skip to main content

बगोदर में घर में डकैती, महिलाओं को बंधक बनाकर जेवरात ले गए अपराधी

गिरिडीह: जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर डकैती की घटना सामने आई है। घाघरा गांव में देर रात अपराधियों ने एक घर को निशाना बनाया। घर में मौजूद महिलाओं को बंधक बनाकर अपराधियों ने कमरों की तलाशी ली और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

छत के रास्ते घर में दाखिल हुए अपराधी

मिली जानकारी के अनुसार, देर रात अपराधी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। इसके बाद गैस कटर की मदद से दरवाजे की कुंडी काटकर घर के अंदर प्रवेश किया। घर में मौजूद महिलाओं के हाथ-पैर और मुंह बांधकर उन्हें बंधक बना लिया गया। इसके बाद अपराधियों ने घर के एक-एक कमरे की तलाशी ली।

अलमारी से जेवरात लेकर फरार

भुक्तभोगी के अनुसार, अपराधी एक कमरे में रखी अलमारी से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हुए। वारदात के दौरान महिलाओं को बंधक बनाए जाने की वजह से वे मदद के लिए किसी को सूचना नहीं दे सकीं।

पड़ोसियों ने महिलाओं को कराया मुक्त

घटना की जानकारी अहले सुबह पड़ोसियों को हुई। इसके बाद पड़ोसी घर के अंदर पहुंचे और बंधक बनाई गई महिलाओं को मुक्त कराया। घटना की सूचना बगोदर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मामले की छानबीन में जुटी है। घटना के बाद घाघरा गांव के ग्रामीणों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share News
Link copied successfully