Indian Languages
Skip to main content

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो अवैध आरा मिलों पर चला बुलडोजर

गिरिडीह: गांडेय वन क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित आरा मिलों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के लखनपुर और ताराटांड़ थाना क्षेत्र के फुल्ची गांव में संचालित दो आरा मिलों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें ध्वस्त किया।

गुप्त सूचना के आधार पर रेंजर एस.के. रवि के नेतृत्व में टीम ने लखनपुर गांव में करीब 11 बजे छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान जेसीबी की मदद से आरा मिल को ध्वस्त किया गया। साथ ही मिल में लगे संयंत्र को कब्जे में लेते हुए करीब 50 हजार रुपये मूल्य की लकड़ी जब्त की गई। जब्त सामान को ट्रैक्टर के माध्यम से गांडेय स्थित वन विभाग कार्यालय लाया गया।

वनपाल रोहित पंडित के अनुसार, कार्रवाई के दौरान लखनपुर आरा मिल का संचालक इम्तियाज अंसारी मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की बात कही है।

फूल्ची में भी आरामील किया ध्वस्त

इसी अभियान के तहत ताराटांड़ थाना क्षेत्र के फुल्ची गांव में भी एक आरा मिल पर कार्रवाई की गई। वन विभाग के मुताबिक, दोनों स्थानों पर अवैध रूप से संचालित आरा मिलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

वन विभाग ने कहा कि गांडेय वन क्षेत्र में अवैध आरा मिलों और वन संपदा के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की कार्रवाई से अवैध आरा मिल संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। कार्रवाई के दौरान वनरक्षी संदीप मिश्रा, विष्णु किस्कू, शमशेर आलम, मो. दाऊद और रंजन शर्मा समेत अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share News
Link copied successfully