गिरिडीह: झारखंड के दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद उनके टुंडी रोड स्थित आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का पहुंचना जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा और डीआईजी अंजनी झा गिरिडीह पहुंचे।

डीजीपी तदाशा मिश्रा और डीआईजी अंजनी झा ने एसपी डॉ. विमल कुमार के साथ दिवंगत मंत्री के टुंडी रोड स्थित आवास पर पहुंचकर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की।
डीजीपी और डीआईजी ने दिवंगत मंत्री की धर्मपत्नी और दोनों बेटियों से बातचीत कर उन्हें इस दुख की घड़ी में हिम्मत बंधाई और अपनी संवेदना व्यक्त की।
मंत्री का निधन राज्य के लिए बड़ा नुकसान : डीजीपी

गिरिडीह के सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डीजीपी तदाशा मिश्रा ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को राज्य के लिए बड़ा नुकसान बताया। डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि वह दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार के निधन से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे झारखंड को गंभीर क्षति हुई है। इस दुख की घड़ी में वह शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
इस दौरान एएसपी सुरजीत कुमार, डीएसपी नीरज सिंह, रूपेंद्र राणा, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।