गिरिडीह: गिरिडीह जिला तैलिक साहू सभा की ओर से साहू समाज भवन, हट्टी बाजार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बाल गोविंद साहू ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस दौरान वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत तथा लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं। समाज के लोगों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाज के विकास में योगदान देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उमा प्रसाद साहू, उपाध्यक्ष हर गौरी साहू, युवा अध्यक्ष मनोज साव, नगर अध्यक्ष सत्य प्रकाश साहू, नगर सचिव मनीष गुप्ता, अभय साहू, श्यामसुंदर गुप्ता, अविनाश कुमार, विक्की साहू, उज्ज्वल साहू और निरंजन साहू सहित समाज के कई लोग मौजूद रहे।


