गिरिडीह: झंडा मैदान में पोषण सखी संघ की प्रदेश अध्यक्ष प्रमिला कुमारी के नेतृत्व में पोषण सखी संघ के अगुवा साथियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन समारोह में साड़ी वितरण को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में पोषण सखी संघ की ओर से आरोप लगाया गया कि भाजपा नेता सुरेश साव द्वारा प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय तुर्केडीहा तथा प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण सखी, सेविका, सहायिका, जल सहिया आदि के बीच बिना विभागीय अनुमति के साड़ी का वितरण किया जा रहा है। संघ ने इस पर आपत्ति जताते हुए इसकी निंदा की।
संघ की ओर से उपायुक्त से मांग की गई कि सरकारी भवनों में राजनीतिक दल से जुड़े लोगों द्वारा सरकारी कर्मियों के बीच साड़ी वितरण किए जाने के मामले में उचित कार्रवाई की जाए। बैठक में इस मामले को लेकर आगे की कार्रवाई पर भी चर्चा की गई।
बैठक में जिला सचिव रीता दास, अध्यक्ष रजिया खातून, सीमा कुमारी, ज्योति कुमारी, बबली कुमारी, अनिता कुमारी, निभा कुमारी, रिंकी कुमारी, तमन्ना परवीन, उषा कुमारी, सोनिया हंसदा, सोनाली कुमारी सहित बड़ी संख्या में पोषण सखियां उपस्थित रहीं।


