गिरिडीह: “स्वच्छता ही सेवा” अभियान 2026 के तहत सोमवार को गिरिडीह के प्रमुख पर्यटन स्थल खंडोली डैम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यटन स्थल की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के साथ स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
अभियान के दौरान जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) रितेश साव और वीरेंद्र कुमार मंडल ने कहा कि जिले के विभिन्न गांवों में लगातार स्वच्छता एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में खंडोली डैम में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा कि खंडोली डैम जिले का महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है। यहां आने वाले पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और इसे स्वच्छ एवं आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में बनाए रखने के लिए सामूहिक भागीदारी जरूरी है। स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सहभागिता से ही इसे स्थायी रूप से प्रभावी बनाया जा सकता है।
यूनिसेफ की सहयोगी संस्था आईडीएफ के निर्भय कुमार ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “स्वच्छता ही सेवा” अभियान चलाया जाता है। इसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, स्वच्छ व्यवहार को प्रोत्साहित करना और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करना है।
सफाई अभियान के दौरान खंडोली डैम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियां संचालित की गईं। लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने, निर्धारित स्थान पर कचरा डालने तथा पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला समन्वयक, क्षेत्रीय परामर्शी, यूनिसेफ सहयोगी संस्था आईडीएफ के प्रतिनिधि, कर्णपुरा पंचायत के मुखिया, बेंगाबाद प्रखंड की जलसहियाओं सहित संबंधित कर्मियों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई।
जिला प्रशासन ने आमजनों से जिले के पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने और “स्वच्छता ही सेवा” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की।


