देवरी: देवरी थाना क्षेत्र के हरला पंचायत अंतर्गत रामसुरन गिद्धसिमर स्थित छरछरी वन के जंगल में संचालित कथित अवैध जुआ अड्डे के खिलाफ पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई की सूचना मिलते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
बताया गया कि कार्रवाई देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी और इंस्पेक्टर रोहित कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने छरछरी वन जंगल में पहुंचकर जुआ अड्डे की घेराबंदी करते हुए छापेमारी की। हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही जुआ खेल रहे कई लोग मौके से निकल गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से कई दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त वाहनों की पहचान और उनके मालिकों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से अवैध जुआ संचालकों पर अंकुश लग सकता है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित जुआ अड्डे का संचालन कौन लोग कर रहे थे और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।


