गिरिडीह: जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और अनधिकृत भंडारण पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में जिले में खनन गतिविधियों की स्थिति के साथ अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, वन विभाग के पदाधिकारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, आईएएस प्रशिक्षु यश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अवैध गतिविधियों पर विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में खनन गतिविधियां निर्धारित नियमों और वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप ही संचालित हों। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और सरकारी राजस्व की सुरक्षा प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। अवैध उत्खनन, परिवहन या खनिजों के अनधिकृत भंडारण की सूचना मिलने पर उसका त्वरित सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
खनन, पुलिस और वन विभाग चलाएंगे संयुक्त अभियान
उपायुक्त ने खनन विभाग, पुलिस प्रशासन और वन विभाग को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त जांच और छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। संवेदनशील खनन क्षेत्रों, खनिज परिवहन मार्गों और चिन्हित स्थानों पर नियमित निगरानी रखने को कहा गया।
चेकपोस्ट और पिकेट पर वाहनों की सघन जांच करने तथा बिना वैध दस्तावेज या चालान के खनिज परिवहन, ओवरलोडिंग अथवा अन्य अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
रात्रिकालीन गश्ती और औचक निरीक्षण पर जोर
अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रात्रिकालीन गश्ती और औचक निरीक्षण को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि कार्रवाई केवल विशेष अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि निगरानी की प्रक्रिया लगातार जारी रखी जाए।
सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण एवं जांच करने तथा अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
कार्रवाई की नियमित होगी समीक्षा
बैठक में जिला खनन टास्क फोर्स की कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने और कार्रवाई प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में खनन गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने और गंभीर अनियमितता या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल जिला स्तर पर उपलब्ध कराने को कहा।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अवैध खनन और खनिज परिवहन पर नियंत्रण के साथ वैध खनन गतिविधियों में पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


