गिरिडीह: जिले में लगातार हो रही बारिश और कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति को देखते हुए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने जिलेवासियों से सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी, नाला, डैम, तालाब, जलप्रपात और तेज जल प्रवाह वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
उपायुक्त ने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदी-नालों और अन्य जलस्रोतों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में लोग अनावश्यक जोखिम लेने से बचें और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नदी-नालों, जलजमाव वाले स्थानों और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से रोकने की अपील की है।
बारिश के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचें
प्रशासन की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। जरूरी काम होने पर ही सावधानीपूर्वक आवागमन करें। ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोग स्थानीय स्तर पर नदी, नाले और अन्य जलस्रोतों की स्थिति पर नजर रखें।
जलजमाव वाले इलाकों में मच्छरजनित और जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए भी जरूरी स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की गई है।
बिजली के तार और पोल से रहें दूर
बारिश के दौरान विद्युत पोल, तार और अन्य विद्युत उपकरणों के आसपास पानी जमा होने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से ऐसे स्थानों से दूरी बनाए रखने और विद्युत संबंधी समस्या आने पर स्वयं समाधान करने के बजाय संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की है।
संवेदनशील इलाकों पर प्रशासन की नजर
उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के संबंधित पदाधिकारियों को लगातार बारिश और जलजमाव की स्थिति पर निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। विशेष रूप से संवेदनशील और निचले इलाकों में जलजमाव, आवागमन तथा संभावित जोखिम वाले स्थानों पर नजर रखने को कहा गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, मौसम की स्थिति और स्थानीय परिस्थितियों की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारी और आपदा प्रबंधन तंत्र के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी आपात या असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि प्राकृतिक परिस्थितियों में सावधानी और सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है।


