गिरिडीह: पुलिस अधीक्षक गिरिडीह की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित कांडों, तकनीकी अनुसंधान की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षकों, अंचल पुलिस निरीक्षकों और थाना/ओपी प्रभारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करते हुए त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए संवेदनशीलता और तेजी से कार्रवाई करने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा गया। वहीं, न्यायालय से प्राप्त वारंट और कुर्की का समय पर शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने के साथ लंबित पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन के मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने जिले में रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने और पेशेवर अपराधियों, वारंटियों तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने पर जोर दिया। साथ ही दागी एवं विभिन्न कांडों में फरार अपराधियों का सत्यापन कर उनके विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिया गया।
बैठक में आम जनता से प्राप्त शिकायतों और विभिन्न आयोगों से संबंधित पत्रों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन करने तथा नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार करते हुए ‘पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग’ को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
गिरिडीह पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और न्याय प्रक्रिया को सुगम, सरल एवं तेज बनाने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।


