गिरिडीह: नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम (ADP) एवं आकांक्षी प्रखंड रूपांतरण कार्यक्रम (ABP) के तहत समीक्षा बैठक के बाद आकांक्षी जिला के केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी-सह-चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर (नेशनल हेल्थ अथॉरिटी) सुनील कुमार वर्णवाल ने गिरिडीह सदर अस्पताल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों, चिकित्सकीय सेवाओं, आधारभूत सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न वार्डों का जायजा लेते हुए बेड की उपलब्धता एवं उपयोग, साफ-सफाई, पेयजल, दवा समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति देखी। मरीजों और उनके परिजनों से भी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जानकारी ली।
आयुष्मान भारत योजना की स्थिति की समीक्षा
सुनील कुमार वर्णवाल ने सदर अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने की स्थिति, पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने तथा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज करा रहे मरीजों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों का आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया मिशन मोड में आगे बढ़ाई जाए, ताकि कोई पात्र मरीज योजना के लाभ से वंचित न रहे। योजना के तहत उपलब्ध सुविधाओं को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े इंडिकेटर्स पर जोर
निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, संस्थागत प्रसव, बच्चों के पूर्ण टीकाकरण, कुपोषित बच्चों की पहचान एवं उपचार की स्थिति की भी जानकारी ली गई। SAM/MAM बच्चों की समय पर पहचान, उपचार, पोषण सेवाओं से जोड़ने और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।इसके अलावा मधुमेह, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और हाइपरटेंशन समेत गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।
केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी ने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल की सुविधाओं की नियमित निगरानी करने तथा संसाधनों या आधारभूत सुविधाओं की कमी को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी और अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी मौजूद रहे।


