गिरिडीह जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल झारखंडधाम में अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन की टीम ने जेसीबी की मदद से 100 से अधिक दुकानों और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।बताया गया कि झारखंडधाम क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर प्रशासन की ओर से पहले ही 197 दुकानदारों और संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के माध्यम से चिन्हित अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद प्रशासन ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम समीर रेनियर खलखो ने किया। अभियान के दौरान जमुआ सीओ नरेश वर्मा, पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप दास के अलावा हीरोडीह, जमुआ और परसन थाना के प्रभारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को जरूरी कदम बताया, जबकि प्रभावित दुकानदारों में नाराजगी देखी गई। दुकानदारों का कहना है कि दुकानें टूटने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
दुकानदारों ने कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से प्रभावित लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और पुनर्वास की मांग की है। वहीं, प्रशासन की ओर से चिन्हित अतिक्रमणों को हटाने का अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है।झारखंडधाम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर हुई इस कार्रवाई के बाद अब प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन क्या कदम उठाता है, इस पर लोगों की नजर बनी हुई है।