गिरिडीह: जिले के गावां प्रखंड में बिरने पंचायत के मुखिया चंदन कुमार के साथ प्रभारी अंचलाधिकारी (सीओ) अभिषेक कुमार द्वारा कथित दुर्व्यवहार के विरोध में मुखिया संघ ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। धरना से पहले मुखिया संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गावां पंचायत भवन से प्रतिवाद मार्च निकाला।प्रतिवाद मार्च थाना मोड़ और गावां बाजार होते हुए प्रखंड परिसर पहुंचा, जहां मुखिया संघ के सदस्य धरने पर बैठ गए।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रभारी सीओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए “सीओ हाय-हाय”, “सीओ होश में आओ”, “तेरी मनमानी नहीं चलेगी” और “तुमको माफी मांगना होगा” जैसे नारे लगाए।धरना स्थल पर वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रभारी सीओ का जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के प्रति व्यवहार उचित नहीं है। उनका कहना था कि बिरने मुखिया चंदन कुमार के साथ एसआईआर कैंप में कथित तौर पर आपत्तिजनक तरीके से बातचीत की गई, जिसे मुखिया संघ ने जनप्रतिनिधियों का अपमान बताया है।
मुखिया संघ ने कहा कि जब तक एसडीएम या जिला उपायुक्त धरना स्थल पर पहुंचकर मामले में उचित पहल नहीं करते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संघ ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित अधिकारी से माफी की मांग की है। वहीं, मुखिया संघ के आंदोलन को भाकपा माले ने भी समर्थन दिया है।
मौके पर माले के वरिष्ठ नेता नागेश्वर यादव, विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष सह गावां मुखिया कन्हाय राम, बिरने मुखिया चंदन कुमार, पंचायत समिति सदस्य अखिलेश यादव सहित कई पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।