गिरिडीह: जिले में पाइपलाइन के जरिये प्राकृतिक गैस की पहुंच बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। गेल गैस लिमिटेड ने गिरिडीह-धनबाद क्षेत्र में 172 इंच-किमी पीई पाइपलाइन बिछाने के लिए ठेकेदारों और एजेंसियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मार्च 2026 तक क्षेत्र में निर्धारित 650 इंच-किमी पाइपलाइन नेटवर्क में से 478 इंच-किमी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। अब शेष नेटवर्क को पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
गेल गैस लिमिटेड की ओर से क्षेत्र में 50 हजार घरेलू पीएनजी कनेक्शन और 30 सीएनजी स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 13,320 पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि 14 सीएनजी स्टेशन शुरू हो चुके हैं।
ठेकेदारों और एजेंसियों के चयन के लिए गेल गैस की वॉक-इन चयन प्रक्रिया 7 से 9 अक्टूबर तक नोएडा में आयोजित होगी। इसके माध्यम से शेष पाइपलाइन नेटवर्क को पूरा करने की दिशा में काम आगे बढ़ाया जाएगा।
पाइपलाइन नेटवर्क के विस्तार के बाद गिरिडीह में घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) और वाहनों के लिए कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की सुविधा का दायरा बढ़ने की उम्मीद है।


