गिरिडीह: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पीरटांड़ प्रखंड के कुम्हरलालो, कुड़को और दुधनिया में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता सुरेश साव शामिल हुए। उन्होंने सहिया, पोषण सखी, सेविका दीदियों के साथ स्थानीय महिलाओं और बुजुर्गों को साड़ी देकर सम्मानित किया।
इस दौरान सुरेश साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है।
वहीं, सुरेश साव ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने स्कूलों में शिक्षकों की कमी, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, आवास और राशन से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के साथ भी खिलवाड़ कर रही है और कहा कि जनता इसका जवाब देने के लिए तैयार है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अजय सिंह, श्याम प्रसाद, सोमनाथ पांडेय, बैंकुट पंडित, मुखिया सुभाष वर्णवाल, अरविन्द वर्णवाल, उपेन्द्र पंडित, जागो रजक, पंचायत समिति सदस्य अरविन्दचंद्र राय, भोला वर्मा, बुधदेव रजक, धर्मवीर रजक, संजय वर्मा, शंकर सिंह, सुधीर वर्मा, संजय सोरेन समेत कई लोग मौजूद रहे।


