धनबाद: गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में रविवार की सुबह झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव रेलवे जोनल ट्रेनिंग स्कूल के पास लाल बंगला के आगे झाड़ियों में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ने के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना और गोंदूडीह ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
मृतक की पहचान वासेपुर न्यू कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय शाहबाज अहमद उर्फ अमन खान के रूप में हुई है। वह मकबूल खान का पुत्र बताया जा रहा है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव झाड़ियों तक कैसे पहुंचा, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, धनबाद भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक की मौत से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।


