गिरिडीह: आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा को लेकर गिरिडीह नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पर्व-त्योहारों के दौरान शहर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पूजा पंडालों और छठ घाटों पर नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर शनिवार को महापौर प्रमिला मेहरा की अध्यक्षता में बैठक हुई।
बैठक में उप महापौर सुमित कुमार, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा, उप नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त समेत नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान त्योहारों को देखते हुए शहर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने और व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर चर्चा हुई।
महापौर ने अधिकारियों को प्रमुख पूजा स्थलों और पूजा पंडालों के आसपास नियमित सफाई, कचरे के उठाव और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। साथ ही प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर भी लगातार सफाई बनाए रखने तथा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मियों और संसाधनों की तैनाती पर जोर दिया गया।
छठ घाटों का होगा निरीक्षण
बैठक में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। छठ घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए।
संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण कर जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करने और निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने को कहा गया। नगर निगम प्रशासन ने पर्व-त्योहारों के दौरान व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा करने की बात कही है।


