बिहार ले जाई जा रही थी शराब की खेप, पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर चालक फरार
गिरिडीह : जिले के देवरी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चतरो-महतोटांड़ मुख्य मार्ग पर सांखो गांव के पास पुलिस ने शराब लदे एक पिकअप वाहन को जब्त किया। वाहन की तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांड की 902 बोतल शराब और 450 कैन बीयर बरामद की गई। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये है। पुलिस के मुताबिक शराब की यह खेप बिहार की ओर ले जाई जा रही थी। हालांकि, पुलिस टीम को देखते ही पिकअप चालक वाहन को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि देवरी थाना क्षेत्र के रास्ते पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद खोरीमहुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने चतरो-महतोटांड़ मुख्य मार्ग पर सांखो गांव के पास संदिग्ध पिकअप वाहन बीआर 39 के 8566 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
अलग-अलग ब्रांड की शराब और बीयर बरामद
तलाशी के दौरान पिकअप वाहन से रॉयल चैलेंज फाइनस्ट प्रीमियम व्हिस्की की 72 बोतल, रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की की 280 बोतल और आइकॉनिक व्हाइट एलीट इंटरनेशनल ग्रेन व्हिस्की की 550 बोतल बरामद की गई।इसके अलावा किंगफिशर स्ट्रांग क्लासिक प्रीमियम बीयर की 450 कैन भी पुलिस को मिली। पुलिस ने बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 450 लीटर बताई है।

बिहार सीमा पर तस्करी को लेकर निगरानी तेज
इस संबंध में देवरी थाना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। विशेष रूप से बिहार सीमा से जुड़े इलाकों और रास्तों पर निगरानी बढ़ाई गई है।उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई कर रही है। अवैध शराब के परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने शराब और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में देवरी थाना कांड संख्या 87/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ उत्पाद अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे बिहार में कहां पहुंचाया जाना था।
कार्रवाई में एसडीपीओ खोरीमहुआ अमरेंद्र कुमार के अलावा गावां अंचल के पुलिस इंस्पेक्टर रोहित कुमार महतो, देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी, एसआई उपेंद्र कुमार यादव, रिशु सिन्हा, उत्पाद विभाग के लक्ष्मण महतो समेत पुलिस और उत्पाद विभाग के जवान शामिल रहे।


