ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार की मौत
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रेलर में पीछे से जा घुसी।
बताया जा रहा है कि हादसा देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। पुलिस के अनुसार ट्रेलर पहले से ही खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने ट्रेलर के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रेलर में बुरी तरह फंस गया और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसमें फंसे शवों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे में कार सवार दो युवक और दो युवतियों की मौत हुई है। मृतकों में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल थीं। अन्य मृतकों की पहचान को लेकर अलग-अलग रिपोर्टों में जानकारी दी गई है, जबकि पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
हेमंत सोरेन और इरफान अंसारी ने जताया शोक
घटना की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए असहनीय होता है। उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और अन्य शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी तृषा सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया। उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह और उनके पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि एक मां के लिए संतान को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
बाबूलाल मरांडी ने भी जताया शोक
भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने भी मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि अल्पायु में संतान का निधन माता-पिता के लिए असहनीय पीड़ा और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
पुलिस अब दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। खास तौर पर सड़क पर खड़े ब्रेकडाउन ट्रेलर की स्थिति, उसकी दृश्यता और कार की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।


