गिरीडीह: गांडेय-गिरिडीह मुख्य मार्ग स्थित गांडेय थाना क्षेत्र के रकसकुटो गांव में मंगलवार रात सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान रकसकुटो निवासी दिनेश मंडल के पुत्र प्रियांशु मंडल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में महिलाएं और युवतियां करम डाली की पूजा कर रही थीं। प्रियांशु भी पूजा देखने गया था। पूजा समाप्त होने के बाद वह सड़क पार कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अहिल्यापुर की ओर से आ रही पिकअप वैन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन और ग्रामीण घायल प्रियांशु को गांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे गिरिडीह रेफर कर दिया। गिरिडीह ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने चालक को पकड़ा
हादसे के बाद ग्रामीणों ने पिकअप वैन के चालक को पकड़ लिया और उसे बिजली के पोल से बांध दिया। घटना की सूचना मिलने पर गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, सीओ ओम प्रकाश बड़ाईक, अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान और ताराटांड़ थाना प्रभारी बुधेश्वर उरांव समेत पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।


