गिरिडीह: सलैया स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर सलैया संघर्ष मोर्चा का प्रयास जारी है। इसी क्रम में मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी के सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष दिनेश यादव से मुलाकात कर रेल सुविधाओं से जुड़ा मांग पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने सलैया स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर तीन प्रमुख मांगें रखीं। मोर्चा ने गया-संतरागाछी एक्सप्रेस (13691/92) का सलैया स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की।
इसके साथ ही हाल ही में घोषित हावड़ा-खातीपुरा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (03007/08) का ठहराव भी सलैया स्टेशन पर देने की मांग की गई। वहीं, पूर्व से परिचालित हटिया-आसनसोल इंटरसिटी एक्सप्रेस (13513/14) और गोड्डा-दिल्ली साप्ताहिक एक्सप्रेस (14049/50) का भी सलैया में ठहराव जल्द सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया।
ट्रेनों की समय-सारणी की समीक्षा के बीच मांग
मोर्चा के सदस्यों ने बताया कि गया-संतरागाछी एक्सप्रेस और हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन के परिचालन को लेकर समय-सारणी और ठहराव स्थलों की समीक्षा की जा रही है। ऐसे में सलैया स्टेशन को इन ट्रेनों के ठहराव में शामिल करने की मांग की गई है।
मोर्चा का कहना है कि सलैया स्टेशन पर इन ट्रेनों का ठहराव होने से पचंबा सहित गिरिडीह के शहरी क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ कोडरमा संसदीय क्षेत्र के आसपास के गांवों को रेल यात्रा में सुविधा मिल सकती है।
सांसद प्रतिनिधि ने केंद्रीय मंत्री तक मांग पहुंचाने का दिया भरोसा
प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व की वार्ताओं और केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी गई मांगों का भी उल्लेख किया। साथ ही गया-संतरागाछी एक्सप्रेस और हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन के परिचालन को लेकर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के प्रति आभार जताया।
सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव ने मोर्चा की मांगों को लेकर सकारात्मक रुख जताया। उन्होंने कहा कि सलैया स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव से जुड़ी जन मांगों से केंद्रीय मंत्री को दोबारा अवगत कराया जाएगा। उन्होंने मोर्चा के प्रयासों की सराहना करते हुए जल्द सकारात्मक परिणाम आने की उम्मीद जताई।
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे मौजूद
मांग पत्र सौंपने के दौरान सलैया संघर्ष मोर्चा के सक्रिय सदस्य गौतम सोनी, संतोष पांडे, गोपाल, किश्फिल अहमद, सनी, सुमित और निशु समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


