गिरिडीह: गिरिडीह वन क्षेत्र में पिछले सात दिनों से मौजूद करीब 30 हाथियों के झुंड को वन विभाग की टीम ने लगातार निगरानी और कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित रूप से वन क्षेत्र से बाहर निकाल दिया। हाथियों का झुंड उसरी–बराकर नदी संगम के समीप महेशपुर गांव से होते हुए सुरक्षित दिशा में आगे बढ़ गया।
वन विभाग के अनुसार, हाथियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए QRT (त्वरित कार्रवाई दल) की टीम लगातार निगरानी में जुटी रही। अभियान के दौरान विशेष सावधानी बरती गई, ताकि हाथियों के साथ-साथ किसी व्यक्ति, वन्यजीव या पालतू पशु को नुकसान न पहुंचे। सतत निगरानी और सावधानीपूर्वक कार्रवाई के बाद हाथियों को सुरक्षित रूप से वन क्षेत्र से बाहर निकाला गया।
हालांकि, अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर बाउंड्री और मकानों के क्षतिग्रस्त होने तथा फसलों को नुकसान पहुंचने की सूचनाएं भी सामने आई हैं। वन विभाग ने प्रभावित ग्रामीणों से निर्धारित प्रपत्र में आवेदन देकर क्षति की जानकारी कार्यालय में जमा करने की अपील की है।
सहायक वन संरक्षक एस.के. रवि ने बताया कि प्राप्त आवेदनों की जांच की जाएगी और जांचोपरांत नियमानुसार पात्र प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समय पर शुरू की जाएगी।


